राज्य
20-Apr-2026
...


:: वार्ड 4 में विकास कार्यों की समीक्षा, ड्रेनेज और पाइप लाइनों को क्षति न पहुंचाने के दिए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। शहर को आधुनिक यातायात सुविधाओं से लैस करने के संकल्प के साथ महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के अंतर्गत वार्ड 4 का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति जांची। महापौर ने कहा कि इंदौर तेजी से टेंपो सिटी से मेट्रो सिटी के रूप में अपनी नई पहचान गढ़ रहा है और जल्द ही शहरवासी अंडरग्राउंड मेट्रो के सफर का आनंद ले सकेंगे। एयरपोर्ट रोड पर निर्माणाधीन अंडरग्राउंड मेट्रो कार्यों का जायजा लेते हुए महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण की प्रक्रिया में जनसुविधाओं से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेट्रो निर्माण के कारण कॉलोनियों की पेयजल और ड्रेनेज लाइनों को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं पहुँचना चाहिए। विकास की गति के साथ नागरिकों की सुगमता भी उतनी ही आवश्यक है। :: वर्षा ऋतु से पहले दुरुस्त हों व्यवस्थाएं :: निरीक्षण के दौरान महापौर ने मेट्रो अधिकारियों को मौके पर ही तलब कर चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य की वजह से कोई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है, तो उसे तत्काल प्रभाव से ठीक किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए ड्रेनेज व्यवस्था सुचारू रखी जाए, ताकि जलजमाव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने महापौर को आश्वस्त किया कि किसी भी तकनीकी समस्या या क्षति की स्थिति में तत्काल सुधार कार्य कर व्यवस्थाएं बहाल रखी जाएंगी। प्रकाश/20 अप्रैल 2026