सरायकेला(ईएमएस)।सरायकेला खरसावां जिला उपायुक्त के निर्देश पर राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रशासनिक बदलाव हो गया। सोमवार को वरीय चिकित्सक डॉ. श्याम सोरेन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का पदभार विधिवत रूप से ग्रहण कर लिया। गौरतलब है कि बीते 7 अप्रैल को सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा जारी आदेश में तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन सोरेन को पदमुक्त करते हुए डॉ. रश्मि डी. बाड़ा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि डॉ. रश्मि बाड़ा द्वारा पदभार ग्रहण करने में असमर्थता जताने के बाद विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत वरीय चिकित्सक डॉ. श्याम सोरेन को यह जिम्मेदारी सौंपी। सोमवार को आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में निवर्तमान प्रभारी डॉ. अर्जुन सोरेन ने औपचारिक रूप से पदभार डॉ. श्याम सोरेन को सौंपा।इस दौरान अस्पताल परिसर में उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मियों ने नए प्रभारी का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में डॉ. एसएम देमता, बीपीएम पंकज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कर्मवीर सिंह/20अप्रैल/26