:: डॉ. डेविश जैन ने नवाजा, शुभांगी दत्त बनीं बेस्ट एक्ट्रेस; आज फिल्म प्रेमियों के बीच होंगे सुपरस्टार रवि किशन :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के सांस्कृतिक क्षितिज पर सोमवार से 9वें प्रेस्टिज इंदौर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पीआईएमआर डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित इस समारोह के उद्घाटन सत्र में प्रसिद्ध अभिनेता पद्मभूषण अनुपम खेर को उनकी फिल्म तनवी: द ग्रेट के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. डेविश जैन ने प्रदान किया। :: फिल्म तनवी : द ग्रेट का रहा दबदबा :: समारोह में अनुपम खेर की फिल्म ने कई श्रेणियों में पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म की अभिनेत्री शुभांगी दत्त को बेस्ट एक्ट्रेस और लेखक गजेंद्र अहीरे को सोलफुल स्टोरी टेलिंग के पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर अनुपम खेर ने कहा कि ऐसे महोत्सव नवोदित कलाकारों के लिए सीखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को स्क्रिप्ट राइटिंग और फिल्म निर्माण की बारीकियों को समझने की सलाह दी। :: कल्पना को उड़ान देता है सिनेमा : डॉ. डेविश जैन यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. डेविश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि कहानी केवल पर्दे पर नहीं, बल्कि पहले मन में बनती है। यह महोत्सव उसी विचार का विस्तार है, जो शिक्षा के साथ कल्पना को भी उड़ान देता है। मल्हार मेगा मॉल स्थित राजहंस सिनेमा में तनवी: द ग्रेट के प्रदर्शन के साथ महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई, जहां खेर ने दर्शकों के साथ फिल्म के कथानक पर चर्चा की। :: अनुभवी कलाकारों ने साझा किए सफलता के मंत्र :: मुस्ताक खान : प्रसिद्ध कॉमेडियन मुस्ताक खान ने मास्टरक्लास में छात्रों को ईमानदारी और समय की पाबंदी का महत्व बताया। उन्होंने रंगमंच (थिएटर) को अभिनय का आधार बताया। गजेंद्र अहीरे : प्रख्यात निर्देशक गजेंद्र अहीरे ने कहा कि सिनेमा का कोई निश्चित नियम नहीं होता, बस स्क्रिप्ट की मांग को समझना जरूरी है। उन्होंने अपनी फिल्म पारो और स्नो फ्लावर के अनुभव भी साझा किए। :: आज रवि किशन से सजेगी महफिल :: महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार, 21 अप्रैल को भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और सांसद रवि किशन मुख्य आकर्षण होंगे। वे दोपहर 2 बजे विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों से रूबरू होंगे। इसके अलावा अभिनेत्री अलका अमीन के साथ संवाद और फिल्म निर्माता बरनाली रे शुक्ला की मास्टरक्लास होगी। शाम को रवि किशन के साथ विशेष संवाद के बाद भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। प्रकाश/20 अप्रैल 2026