बेंगलुरू (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में विशेष विधानसभा सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की खबरों के बीच कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सीएम योगी को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। श्रीनेत ने कहा कि 2009 में योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण का विरोध किया था। इसके लिए सबसे पहले मुख्यमंत्री आधी आबादी से माफी मांगें। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हाथरस, लखीमपुर, आईआईटी बीएचयू में हुई घटनाएं, प्रदेश में जिस तरह महिलाओं की असुरक्षा है, भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े मामले में हमारी सबसे सम्मानित एथलीटों को भी कैसे परेशान किया गया, इन विषयों पर विशेष सत्र के दौरान चर्चा हो कि कैसे आप आंखें बंद करके बैठे थे और महिलाओं के साथ अपराध करने वालों के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि जो बिल सदन में पास नहीं हुआ, वह जबरन और अलोकतांत्रिक परिसीमन का बिल था। हमें कोई संदेह नहीं है यह कहने में कि अगर वह बिल दोबारा आएगा तो भी यह पास नहीं किया जाएगा। सुबोध/२० -०४-२०२६