नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में गाड़ियों के कारण बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने सख्त रुख अपनाया है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट के आधार पर लोक लेखा समिति (पीएसी) की रिपोर्ट परिवहन विभाग को भेजते हुए 31 जनवरी 2027 तक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तलब की गई है। विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे 31 दिसंबर 2026 तक सिफारिशों को लागू करें। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वाहन के कारण बढ़ने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए समय रहते कदम उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि ऑडिट रिपोर्ट के निष्कर्षों को जमीनी स्तर पर ठोस परिणामों में बदला जाना चाहिए। विधानसभा सचिवालय ने परिवहन मंत्री और परिवहन विभाग के आयुक्त को औपचारिक पत्र भेजकर पीएसी की सिफारिशों पर व्यापक और तय समय सीमा के भीतर जवाब देने को कहा है। यह कार्रवाई कैग की दिल्ली में वाहन जनित वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण विषयक प्रदर्शन ऑडिट रिपोर्ट (2022) के आधार पर की गई है। सुबोध/२० -०४-२०२६