बालाघाट से एक, उड़ीसा राज्य से चार और राजस्थान से एक आरोपी को किया गिरफ्तार अब तक 9 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी 25 हजार किमी तक फैले नेटवर्क का हुआ खुलासा बालाघाट (ईएमएस).पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इन आरोपियों के पास से 2.140 किलोग्राम गांजा सहित मोबाइल, बाइक, चौपहिया वाहन को जब्त किया है। इस प्रकरण में पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिनके पास से कुल 23 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्यवाही से पांच राज्यों में फैले गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। स्थानीय कंट्रोल रुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपायली पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए एक बाइक से 21 किलो गांजा जब्त किया था। इस मामले में एक आरोपी बालाघाट एवं दो आरोपी उड़ीसा निवासी पाए गए, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में बालाघाट से मुन्ना बर्वे, उड़ीसा से मिकेंद्र उर्फ मुकेश देव और दिलीप सुना को बीते दिनों गिरफ्तार किया था, जिन्हें न्यायालय में पेश कर 13 अप्रैल तक की पुलिस रिमांड ली गई थी। इन आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरी बार अन्य राज्यों पर फैले गांजा तस्करी के रैकेट पर कार्यवाही की है। एसआईटी कर रही मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल द्वारा मामले की गहन विवेचना की गई। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो गांजा सप्लाई चेन में एपेक्स परपेट्रेटर की भूमिका निभा रहा था। इन राज्यों में दी दबिश जांच के दौरान टीम ने टीम ने मध्यप्रदेश के साथ-साथ उड़ीसा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात में दबिश दी। लगभग 25,000 किलोमीटर का सफर तय कर साक्ष्य जुटाए गए और विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक, एक पिकअप 407 वाहन, 10 मोबाइल फोन और अतिरिक्त 2.140 किलो गांजा जब्त किया है। इस प्रकार प्रकरण में अब तक कुल 23.140 किलो अवैध गांजा की बरामदगी की गई है। बैंक खातों की भी होगी जांच पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिसमें वित्तीय लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रेल) को खंगाला जा रहा है। संदिग्ध लेन-देन पाए जाने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं संपत्ति की जानकारी एकत्रित की जा रही है। मामले में आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है। इन्हें किया गिरफ्तार एसआईटी ने इस मामले में बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के सेलवा ग्राम से राज उर्फ आशुतोष पिता सुंदरलाल पारधी 38 वर्ष, उड़ीसा राज्य के बौद्ध जिला के मृत्युंजयपुर निवासी विजय नायक उर्फ बिजया पिता कुल्ली नाईक 30 वर्ष, तुकेलपाली निवासी कैलाश चंद्र पिता दिबाकरा खमारी 38 वर्ष, अठागढ़ निवासी बुल्ला उर्फ बबलू उर्फ वीरभद्र पिता भास्कर समन्तारा 25 वर्ष और जग्गा उर्फ जगदीश पिता डमरुधर पाडुआ निवासी रक्तपाटा को गिरफ्तार किया है। इसी तरह राजस्थान राज्य के उदयपुरा जिला के कानोर निवासी तेजशंकर पिता उदयलाल पाटीदार 37 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके पूर्व बालाघाट से मुन्ना पिता बुधराम बर्वे 54 वर्ष, उड़ीसा राज्य के ग्राम मायासारासिंग निवासी मिकेंद्र उर्फ मुकेश देव और नांदिया नागेर निवासी दिलीप सुना को गिरफ्तार किया था। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026