बालाघाट (ईएमएस). जिले में विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों में योग्य विद्यार्थियों की कमी को दूर करने के लिए जनजातीय कार्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। विभाग द्वारा छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं में इन विषयों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश देने के निर्देश जारी किए गए हैं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शकुंतला डामोर ने बताया कि विभिन्न विभागों में इन विषयों के बैकलॉग पद रिक्त हैं, जिसका मुख्य कारण पर्याप्त संख्या में विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर योग्य विद्यार्थियों का उपलब्ध न होना है। इस स्थिति को देखते हुए अब विद्यालय स्तर से ही विद्यार्थियों को इन विषयों की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि कक्षा 10 वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरवाकर, अपनी अनुशंसा सहित संबंधित छात्रावास अधीक्षकों को भेजें। साथ ही आवश्यक जानकारी भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश मिल सके। सहायक आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई छात्रावास अधीक्षक विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश देने में लापरवाही बरतता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में सीनियर छात्रावासों में जूनियर विद्यार्थियों को प्रवेश न दिया जाए। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। यह पहल भविष्य में तकनीकी एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में योग्य मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026