दुकानदारों ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग तेज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल बालाघाट (ईएमएस). उकवा क्षेत्र में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज विश्वकर्मा पर दवा दुकानदारों से पैसे लेने के गंभीर आरोप लगे हैं, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। दवा व्यापारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ लेन-देन का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि, जबलपुर एक्सप्रेस इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। बालाघाट जिले के उकवा क्षेत्र में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब दवा व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज विश्वकर्मा पर जांच के नाम पर पैसे वसूलने के आरोप लगाए। दुकानदारों का कहना है कि अधिकारी द्वारा कार्रवाई की आड़ में उनसे आर्थिक लेन-देन किया गया। वायरल ऑडियो में उकवा चौकसे मेडिकल स्टोर्स के संचालक अंकुश चौकसे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज विश्वकर्मा के बीच चर्चा हुई है। जिसमें दवा व्यापारी चौकसे द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी से कहा जा रहा है कि आपने जांच के नाम पर उनसे 8000 रुपए और शिवराज अग्रवाल उर्फ रिंकी से 10000 हजार रुपए लिए हो, जो सही नहीं है। यह मामला उपर तक पहुंच गया है, अब आगे की कार्यवाही के लिए तैयार रहे। वायरल ऑडियो में दवा व्यवसायी के अनुसार अधिकारी जांच के दौरान दवा दुकानों पर पहुंचे और नियमों का हवाला देते हुए दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान कुछ दुकानदारों से पैसों की मांग की गई और राशि ली भी गई। इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस ऑडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि दवा व्यापारियों द्वारा संगठन के बेनर तले हड़ताल की जाएगी। हालांकि, इस ऑडियो में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा ज्यादा बात नहीं की गई है। वहीं इस पूरे मामले ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या जांच के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है? क्या उच्च अधिकारी इस पर संज्ञान लेंगे? ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब अब जिम्मेदारों को देना होगा। मिलर्स भी लगा चुके हैं आरोप खाद्य सुरक्षा अधिकारी विश्वकर्मा पर जिले के अलग-अलग राइस मिलर्स द्वारा भी पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने इसकी शिकायत भी की है। वहीं लालबर्रा क्षेत्र से भी एक भाजपा नेता द्वारा विश्वकर्मा पर किराना दुकानदारों से पैसे लेने के आरोप लगाए गए हैं, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, इस ऑडियो में भाजपा नेता द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी से धमकी भरे लहजे में बातचीत की गई थी। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026