क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


दोपहर बाद आसमान में घिरे काले बादल, बदला मौसम का मिजाज कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी, सुहावना हुआ वातावरण 40 डिग्री पार गर्मी के बीच राहत भरा दिन बालाघाट (ईएमएस). जिले में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। दोपहर बाद आसमान में बदली छा गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया। अप्रैल माह के दूसरे पखवाड़े में जहां बालाघाट जिला तेज गर्मी और लू की चपेट में था, वहीं सोमवार को मौसम के बदले मिजाज ने राहत का अहसास कराया। बीते कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा था, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाने लगे और धीरे-धीरे पूरे जिले में बदली छा गई। शाम तक यह असर बना रहा, जिससे सूरज की तपिश कम हो गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से न केवल गर्मी का असर कम हुआ, बल्कि लोगों ने भी राहत की सांस ली। वातावरण में घुली ठंडक शाम के समय जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। हालांकि बारिश बहुत अधिक नहीं हुई, लेकिन इससे वातावरण में ठंडक घुल गई और उमस में भी कमी आई। मौसम के इस बदलाव का असर सडक़ों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ नजर आया, जहां लोग पहले की तुलना में ज्यादा राहत महसूस करते दिखे। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को परेशान कर रखा था। दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा छा जाता था और लोग जरूरी काम के अलावा घरों से बाहर निकलने से बच रहे थे। ऐसे में सोमवार को आए इस बदलाव ने लोगों को बड़ी राहत दी है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रभावों के कारण इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में भी बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है। बारिश हुई तो धान की फसल को होगा फायदा यदि जिले में बेमौसम बारिश होती है तो इसका फायदा किसानों को मिलेगा। दरअसल, मौजूदा समय में जिले में रबी सीजन पर किसानों ने धान की फसल लगाई है, जिसे पानी की आवश्यकता है। बारिश होने पर धान की फसल को फायदा पहुंचेगा। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026