क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


66 किमी मार्ग का होगा चौड़ीकरण और सुधार गर्रा-वारासिवनी से महाराष्ट्र राज्य की सीमा तक 51 किमी भी प्रस्तावित भूमि आवंटन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश बालाघाट (ईएमएस). जिले में सडक़ अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नैनपुर-बालाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-543 के उन्नयन के लिए 844.53 करोड़ रुपए का प्रस्ताव मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र भोपाल को भेजा गया है। जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नैनपुर-बालाघाट राजमार्ग के उन्नयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग लोक निर्माण विभाग (एनएचपीडब्ल्यूडी) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-543 के अंतर्गत नैनपुर बायपास के अंतिम छोर से बालाघाट बायपास के अंतिम छोर तक लगभग 66 किलोमीटर लंबाई में उन्नयन कार्य प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 844.53 करोड़ रुपए का संशोधित प्राक्कलन तैयार कर मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र भोपाल को भेजा गया है। मार्ग के उन्नयन से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-543 के अंतर्गत गर्रा, वारासिवनी होते हुए महाराष्ट्री सीमा (तुमसर) तक लगभग 51 किलोमीटर लंबाई में सडक़ उन्नयन का कार्य भी प्रस्तावित किया गया है। यह मार्ग क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कलेक्टर ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए एनएचपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भूमि आवंटन से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र भोपाल से समन्वय स्थापित कर उन्नयन कार्य की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग के उन्नयन से बालाघाट जिले का सडक़ नेटवर्क बेहतर होगा, जिससे व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की संभावना है। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026