क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले की ग्राम पंचायत भालेवाड़ा अंतर्गत ग्राम डोगरबोड़ी में जल जीवन मिशन के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। योजना के तहत पानी की टंकी निर्माण और नल-जल व्यवस्था शुरू होने से अब हर घर तक साफ पेयजल पहुंच रहा है। ग्राम डोगरबोड़ी की प्रभा ठाकरे बताती हैं कि पहले उन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की काफी खपत होती थी। लेकिन अब पानी की टंकी बनने और घर-घर नल कनेक्शन मिलने से यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि अब हर घर में नल से जल आ रहा है, जिससे हमें बड़ी राहत मिली है। जल जीवन मिशन ने विशेष रूप से महिलाओं के जीवन को आसान बनाया है। पानी लाने में लगने वाला समय बचने से अब वे अपने अन्य घरेलू कार्यों और परिवार के साथ अधिक समय बिता पा रही हैं। साथ ही उन्हें शारीरिक मेहनत से भी राहत मिली है। ग्रामीणों ने इस योजना के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने गांव में सुविधा और सुकून दोनों लाकर दिया है। भानेश साकुरे / 20 अप्रैल 2026