राष्ट्रीय
21-Apr-2026


-सचिन के पिता के पास बेटे का शव लाने तक नहीं थे पैसे, लोगों ने किया चंदा सिद्धार्थनगर,(ईएमएस)। सिद्धार्थनगर जिले के जोगिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बूढ़ी राप्ती नदी में डूबने से दो मेडिकल छात्रों की मौत हो गई। ये दोनों छात्र अपने दोस्तों के साथ योगमाया मंदिर के पास नदी में नहाने गए थे। नहाते समय सत्यम और सचिन गहरे पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए और डूबने लगे। किनारे मौजूद साथियों की सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने एक घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव बाहर निकाले। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हादसे का शिकार हुए छात्रों में सचिन महावर एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था, जो राजस्थान के सवाई माधोपुर का रहने वाला था। वहीं, सत्यम नायक जूनियर रेजिडेंट था और वह यूपी के बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र के रहने वाले था। चार दोस्त एक साथ नदी पर गए थे, लेकिन दो छात्र किनारे पर होने से बच गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक छात्र अक्सर यहां नहाने आते हैं, लेकिन गहराई का पता न होने से यह हादसा हुआ। मृतक छात्र सचिन के पिता ऑटो रिक्शा चलाकर उसे डॉक्टर बनाने का सपना देख रहे थे। जब बेटे की मौत की खबर राजस्थान पहुंची, तो पिता के पास सिद्धार्थनगर आने तक के पैसे नहीं थे। ग्रामीणों और सहपाठियों के मुताबिक परिजनों ने गांव में चंदाकर रुपए इकट्ठा किए ताकि वे बेटे का शव लेने यूपी पहुंच सकें। इस खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। एएसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जोगिया थाना प्रभारी और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच। गोताखोरों ने करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद शवों को बाहर निकाला। सिराज/ईएमएस 21अप्रैल26