21-Apr-2026
...


राजकोट (ईएमएस)| जेतपुर-राजकोट नेशनल हाईवे पर आज एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रबारीका चौकड़ी के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दादा और उनके पोते की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय बचुभाई लालू अपने 11 वर्षीय पोते हरदीप लालू के साथ बाइक पर सवार होकर धरेश्वर सूर्य मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे रबारीका चौकड़ी के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रही एक बेकाबू कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम हरदीप लालू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बचुभाई लालू कार की टक्कर लगते ही पुल के नीचे जा गिरे। गंभीर रूप से घायल बचुभाई को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही उद्योग नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से लालू परिवार में मातम पसरा हुआ है। सतीश/21 अप्रैल