21-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। गर्मियों के सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए हैं। बिलासपुर से शालीमार के बीच 2-2 फेरे के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे कंफर्म बर्थ के साथ सफर आसान हो सकेगा। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 08257 बिलासपुर-शालीमार समर स्पेशल 25 और 26 अप्रैल 2026 को रात 00:45 बजे बिलासपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खडग़पुर और संतरागाछी होते हुए दोपहर 13:45 बजे शालीमार पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08258 शालीमार-बिलासपुर समर स्पेशल 25 और 26 अप्रैल को शाम 17:45 बजे शालीमार से चलेगी और अगले दिन सुबह 07:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। - 20 कोच की सुविधा, सभी श्रेणियां शामिल इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इसमें एसी फस्र्ट, एसी सेकंड, एसी थर्ड, एसी इकोनॉमी, स्लीपर और सामान्य कोच शामिल हैं, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। - नागपुर-शालीमार के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक और राहत देते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) से शालीमार के बीच भी समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। गाड़ी संख्या 08865 इतवारी-शालीमार समर स्पेशल 27 अप्रैल 2026 को शाम 17:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन 14:00 बजे शालीमार पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08866 शालीमार-इतवारी समर स्पेशल 28 अप्रैल को शाम 18:00 बजे रवाना होकर अगले दिन 15:35 बजे इतवारी पहुंचेगी। - 21 कोच वाली ट्रेन, यात्रियों के लिए खास इंतजाम इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी और पेंट्रीकार की सुविधा शामिल है। साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष कोच भी लगाए गए हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन समर स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को गर्मी के सीजन में बड़ी राहत मिलेगी और भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी। - मनोज राज / 21 अप्रैल 2026