अहमदाबाद (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने आईपीएल में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ नाबाद शतक लगाकर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाने वाले बल्लेबाज तिलक वर्मा की जमकर प्रशंसा की है। कैफ ने कहा कि आज शतक लगाने के बाद जो लोग तिलक की प्रशंसा कर रहे थे। वे ही लोग इससे पहले तक तिलक की आलोचना करते रहे हैं। इस मैच में भी अब तिलक शुरुआती 22 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद ही आउट हो गए होते तो ये लोग उन्हें टीम से बाहर करने की मांग करने लग जाते। मुंबई के लिए कठिन समय में रन बनाकर उन्होंने एक बार फिर अपने को साबित कर दिया है। कैफ ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अगर तिलक शुरुआती 21 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हो गए होते तो दिग्गज लोग उन्हें टीम से निकालने के लिए कहने लगते पर उन्होंने 45 गेंदों में 101 रन बनाकर सभी के मुंह बंद कर दिये।’ इस वीडियो में कैफ बताते हैं कि तिलक ने ऐसा कारनामा कोई पहली बार नहीं किया है। पिछले साल एशिया कप के फाइनल में भी उन्होंने लंबी पारी खेलकर पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिलायी थी। कैफ आगे कहते हैं, ‘तिलक ऐसे ही खेलते हैं। पहले वह टाइम लेते हैं। टेंपरामेंट दिखाते हैं और उसके बाद में वह गियर बदलते हैं,। मैच कहां है, किसके खिलाफ है, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता है।’ ईएमएस 21 अप्रैल 2026