21-Apr-2026
...


- 5 मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी, पूरी प्रक्रिया इस बार भी ऑनलाइन भोपाल (ईएमएस)। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि सभी कॉलेजों को 30 अप्रैल तक अपनी पूरी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करनी होगी, जिससे पांच मई तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सके। इस वर्ष मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल को घोषित कर दिया गया, जिसमें लगभग 4.89 लाख विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। अब ये विद्यार्थी कॉलेजों में प्रवेश के लिए आवेदन करेंगे। विभाग ने इस बार भी पूरी प्रक्रिया पंजीयन से लेकर दस्तावेज सत्यापन तक ऑनलाइन रखने का निर्णय लिया है। प्रदेश के 1300 से अधिक कालेज इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। - दो मुख्य चरण और तीन सीएलसी होंगे विभाग ने प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के लिए दो मुख्य काउंसलिंग चरण और तीन कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) चरण निर्धारित किए हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी चरणों को जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे एक जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू की जा सकें। पिछले वर्षों में अगस्त-सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया चलने के कारण पढ़ाई प्रभावित हुई थी, इसलिए इस बार सख्त समयसीमा तय की गई है। काउंसलिंग की विस्तृत समयसारिणी जल्द जारी की जाएगी। - हर जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी प्रवेश से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे और उच्च शिक्षा संचालनालय के साथ समन्वय बनाए रखेंगे। साथ ही संभाग स्तर पर अतिरिक्त संचालक मॉनिटरिंग कर आयुक्त को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। पिछले साल से ही कालेज चलो अभियान चलाया जा रहा है। - कॉलेजों को सीटों व पाठ्यक्रमों की जानकारी देनी होगी कॉलेजों को सीटों की संख्या, उपलब्ध पाठ्यक्रम, मेरिट सूची से जुड़ी जानकारी और अपनी विशेष उपलब्धियों को 30 अप्रैल तक पोर्टल पर अपडेट करना होगी। इससे विद्यार्थियों को कालेज चयन में आसानी होगी और वे घर बैठे पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। - विनोद / 21 अप्रैल 26