नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और अब समय से पहले ही लू ने दस्तक दे दी है। ऐसे में सोमवार को लोगों को अप्रैल के महीने में जून वाली गर्मी महसूस हुई। तपती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। इससे लोगों का हाल बेहाल रहा और वह परेशान दिखे। मौसम विभाग ने पूरे दिन लू का यलो अलर्ट जारी किया हुआ था। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.5 और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की वृद्धि होगी, जिसके चलते लू की स्थिति बन सकती है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक से लेकर सामान्य से बहुत अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 20 से 24 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री के आसपास रहेगा। इस दौरान आसमान अधिकतर साफ रहेगा और कई जगहों पर लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। ऐसे में मौसम विभाग ने हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। 25 और 26 अप्रैल को तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जहां अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ अप्रैल /2026