पटना,(ईएमएस)। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए एक्शन मोड में हैं। कई दिनों से चर्चा थी कि वे बिहार यात्रा पर निकलने वाले है। अब इस यात्रा की तारीख सामने आ गई है। निशांत कुमार ने खुद इसके बारे में बताया। निशांत ने कहा, तीन मई से यात्रा होगी। संजय अंकल (संजय झा, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष) और पार्टी के कार्यकर्ता मिलकर तय करने वाले हैं, वे आपको (मीडिया) बताएंगे। इस दौरान कुछ पत्रकारों ने सवाल किया कि राहुल गांधी ने कहा है कि नीतीश कुमार कंप्रोमाइज्ड हो गए, इस पर निशांत ने कुछ नहीं कहा। बता दें कि निशांत कुमार को पार्टी (जेडीयू) के भविष्य के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने साफ कहा है कि वे पार्टी और संगठन के लिए काम करना चाहते हैं। इन्हीं वजहों को रखते हुए वे नई सरकार में शामिल तक नहीं हुए। लगातार पार्टी दफ्तर जा रहे हैं। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। अभी हाल ही में उन्होंने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के भागलपुर एवं पूर्णिया प्रमंडल के तहत आने वाले जिलों के जिलाध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई थी। आशीष दुबे / 21 अप्रैल 2026