राष्ट्रीय
21-Apr-2026
...


-सोशल मीडिया पर कोर्ट कार्यवाही साझा करने का आरोप नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली हाईकोर्ट में पूर्व सीएम और आप नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग को लेकर एक जनहित याचिका (पिल) दाखिल की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि अदालत की कार्यवाही की रिकॉर्डिंग को जानबूझकर सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो कोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमों का उल्लंघन है। वकील वैभव सिंह द्वारा दाखिल इस याचिका में अदालत से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने और संबंधित नेताओं के खिलाफ उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई है। यह मामला उस समय और गरमा गया जब जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने केजरीवाल की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने जज से खुद को केस से अलग (रिक्यूज़) करने की मांग की थी। अपने फैसले में जस्टिस शर्मा ने स्पष्ट कहा कि वह इस मामले की सुनवाई से अलग नहीं होंगी। इस फैसले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर न्यायाधीश की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की, जिससे विवाद और बढ़ गया। वहीं, आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर शंकाएं जताईं और कहा कि इससे लोगों के मन में न्याय प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने अदालत के फैसले का स्वागत किया है। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था किसी व्यक्ति विशेष की सुविधा से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार चलती है। इस पूरे घटनाक्रम ने न्यायपालिका, राजनीतिक दलों और अभिव्यक्ति की सीमाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हिदायत/ईएमएस 21अप्रैल26