राज्य
21-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी के जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर जिले के सभी मध्य विद्यालय एवं उत्क्रमित उच्च माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अपने आदेश में कहा है कि छात्र-शिक्षक अनुपात में असंतुलन तथा संसाधनों की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का संचालन अब दो पाली (शिफ्ट) में किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि कई विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक होने के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है, जिससे प्रत्येक छात्र को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सुविधाएं मिल सकें। - नया समय-सारणी प्रथम पाली कक्षा 1 से 8 तक प्रातः 6.30 बजे से 11.30 बजे तक एवं द्वितीय पाली कक्षा 9 से 12 अपराह्न 12 बजे से 5 बजे तक संचालित होगा। पूर्वाह्न 11.30 बजे से 12 बजे के बीच विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि द्वितीय पाली के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए। डीएम ने कहा है कि 21 अप्रैल को जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विद्यालय प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं और 22 अप्रैल से 24 अप्रैल तक विद्यालयों में शिक्षक अभिभावकों की बैठक आयोजित कर नई व्यवस्था की जानकारी साझा की जाएगी। 25 अप्रैल को विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक में इस व्यवस्था को अनुमोदित कर हस्ताक्षरित प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। 27 अप्रैल से सभी चिन्हित विद्यालयों में दो पाली प्रणाली लागू कर दी जाएगी। साथ ही, बिहार सरकार के सेवा वर्गीकरण नियमावली-2005 के तहत विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शिक्षकों की उपस्थिति एवं कार्य आवंटन सुनिश्चित किया जाएगा। आदेश के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि यह पहल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का माहौल मिलेगा और शिक्षकों को भी प्रभावी ढंग से शिक्षण कार्य करने में सुविधा होगी। उन्होंने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों से इस व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। कार्तिक कुमार/संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस