पटना, (ईएमएस)। भारत की जनगणना 2027 की शुरूआत हो चुकी है और बिहार में 17 अप्रैल से शुरू हुई स्व–गणना अभियान को शुरुआती दिनों में ही व्यापक जनभागीदारी मिल रही है। खबर है कि 20 अप्रैल तक राज्य में कुल 3,69,779 परिवारों ने स्व–गणना में भाग लिया है, जिसमें से 3,23,879 परिवारों ने प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि 45,900 परिवारों ने स्व–गणना की शुरुआत की है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य में लोगों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। विशेष रूप से वैशाली, खगड़िया और मधुबनी जैसे जिलों में स्व–गणना को लेकर उल्लेखनीय उत्साह देखा जा रहा है।स्व–गणना की यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों का मानना है कि जागरूकता अभियान के प्रभाव से आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आएगी तथा अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया से जुड़ेंगे। स्व–गणना की यह प्रक्रिया 01 मई 2026 तक चलेगी। इस अवधि तक आप कहीं से भी अपने मोबाइल/लैपटॉप की मदद से एसई पोर्टल पर जाकर इसमें शामिल होकर डिजिटल विकास को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। 02 मई से 31 मई तक राज्य में मकान सूचीकरण एवं आवास की गणना शुरू होगी। इस दौरान प्रत्येक घर में प्रगणक पहुंचेंगे। आप उन्हें स्व–गणना के बाद मिली एसई आईडी उपलब्ध करा देंगे। इससे डेटा का सही मिलान संभव हो सकेगा और कार्य आसान होगा। संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस