राज्य
21-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मिथिला चित्रकला संस्थान सौराठ का 11वां स्थापना दिवस के अवसर पर 22 एवं 23 अप्रैल को मिथिला चित्र कला संस्थान में भव्य रूप मनाया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार, पटना द्वारा संचालित मिथिला चित्रकला संस्थान अपने 11 वें स्थापना दिवस के अवसर पर 22 एवं 23 अप्रैल को दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएंगी। कार्यक्रम के पहले दिन, 22 अप्रैल बुधवार को रंगोली, भाषण एवं गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. जो प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्ण 1 बजे तक चलेगा। इसके बाद संध्या 5 बजे से 11 बजे तक उद्घाटन सत्र, दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दूसरे दिन, 23 अप्रैल गुरुवार को संस्थान के छात्रों के बीच खेल प्रतियोगिता आयोजित होंगी, जो प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होकर अपराह्ण 1 बजे तक चलेंगी। इसके बाद संध्या 5 बजे से 10.30 रात्रि तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। जिसमें ख्यातिप्राप्त कलाकारों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में कवि सम्मेलन, गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां भी शामिल होंगी। इस अवसर पर पद्मश्री मालिनी अवस्थी सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार वंदना मिश्रा, कुंज बिहारी मिश्र, पूनम मिश्रा, शंभू शिखर, प्रियांशु गजेन्द्र, विकास बौखल, कमल आग्नेय एवं संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजन का उद्देश्य न केवल पारंपरिक मिथिला कला को बढ़ावा देना है, बल्कि युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना भी है। संस्थान के निदेशक चन्‍द्रशेखर प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि संस्थान लगातार पारंपरिक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। निदेशक ने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलता है। साथ ही सभी कला प्रेमियों, छात्रों एवं आम नागरिकों से इस सांस्कृतिक उत्सव में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है। कार्तिक कुमार/संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस