राज्य
21-Apr-2026
...


:: उपलब्धियों की फेहरिस्त में जुड़ेगा 39वां जीवन गौरव सम्मान, कांस्टिट्यूशन क्लब में होगा गरिमामय आयोजन :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा की माटी से निकलकर दुनिया भर में भारतीय मुद्रा शास्त्र का मान बढ़ाने वाले वरिष्ठ मुद्रा शास्त्री और राष्ट्रीय मुद्रा परिषद के संयोजक गिरीश शर्मा आदित्य को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल होने जा रही है। नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित कांस्टिट्यूशन क्लब में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 17वें रंगफेयर-2026 में उन्हें प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से अलंकृत किया जाएगा। रॉयल आर्ट्स एंड न्यू मिस्मेटिक गैलेरी (नई दिल्ली) के प्रमुख मुकेश वर्मा एवं शिवम वर्मा ने बताया कि गिरीश शर्मा को यह सम्मान उनके द्वारा भारतीय मुद्रा जगत में दी गई 55 वर्षों की लंबी सेवाओं के लिए दिया जा रहा है। उनके पास डेढ़ लाख से अधिक दुर्लभ सिक्कों, टेराकोटा, खनिजों और प्राचीन कलाकृतियों का विशाल संग्रह है। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा पूर्व में ब्रिटिश म्यूजियम (लंदन) और ऑक्सफोर्ड में व्याख्यान दे चुके हैं। यह उनके जीवन का 39वां जीवन गौरव सम्मान होगा। इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए गिरीश शर्मा ने कहा कि 56 वर्ष पूर्व शौकिया तौर पर शुरू हुआ यह सफर आज इस मुकाम पर पहुँचेगा, इसकी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा, मेरा लक्ष्य नई पीढ़ी को देश के स्वर्णिम इतिहास और गौरवशाली संस्कृति से रूबरू कराना है। मुद्रा जगत में अनैतिक व्यापार करने वाले तत्वों के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी। श्री शर्मा ने अपनी भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा कि अब उनका एकमात्र लक्ष्य इंदौर में एक भव्य मुद्रा संग्रहालय की स्थापना करना है। उन्होंने घोषणा की कि वे अपना संपूर्ण दुर्लभ संग्रह इस प्रस्तावित संग्रहालय को समर्पित करने के लिए तैयार हैं, बस समाज और शासन के सहयोग की अपेक्षा है। प्रकाश/21 अप्रैल 2026 संलग्न चित्र : वरिष्ठ मुद्रा शास्त्री गिरीश शर्मा ।