क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


वेंकट वार्ड के सार्वजनिक कुएं की सफाई से जल संरक्षण को मिलेगा नया आयाम कटनी (ईएमएस)। शहर में जल संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत विभिन्न जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में वेंकट वार्ड स्थित सार्वजनिक कुएं की साफ-सफाई एवं पुनर संरक्षण का अभियान प्रारंभ किया गया है। कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है। कुएं, बावड़ी एवं तालाब जैसे स्रोत न केवल भूजल स्तर को बनाए रखने में सहायक होते हैं, बल्कि वर्षा जल के संचयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वेंकट वार्ड के इस सार्वजनिक कुएं की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण इसकी उपयोगिता प्रभावित हो रही थी, जिसे अब व्यवस्थित रूप से पुनर्जीवित किया जा रहा है। सफाई अभियान के अंतर्गत कुएं से गाद एवं कचरा निकालने के साथ-साथ उसके आसपास स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि भविष्य में जल स्रोत प्रदूषित न हो। इस दौरान क्षेत्रीय वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीमती बीना बैनर्जी, प्रभारी समयपाल महेंद्र उपाध्याय, क्षेत्रीय पम्प ऑपरेटर अतुल निषाद एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में कुआँ सफाई कार्य प्रारंभ कराया जाकर नागरिकों को भी जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। नगर निगम प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक जल संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनें और अपने आसपास के जल स्रोतों की सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। यह सामूहिक प्रयास ही भविष्य में जल संकट से बचाव का मजबूत आधार बनेगा। ईएमएस/मोहने/ 21 अप्रैल 2026