0 सुशासन तिहार, जल शक्ति अभियान और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर गरियाबंद (ईएमएस)। कलेक्टर बीएस उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने जनदर्शन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए तथा जनशिकायत, सीजी पोर्टल, सीपीग्राम सहित अन्य शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने हाईकोर्ट के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने, विकलांग शिक्षकों का पुनः स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा नियद नेल्लानार 2.0 के द्वितीय चरण में जिले को शामिल किए जाने पर संबंधित विभागों को चयनित क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का पूर्ण सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने पटवारियों के माध्यम से डिजिटल किसान किताब तैयार कराने, 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले जल शक्ति अभियान को उत्सव के रूप में मनाने तथा प्रत्येक ब्लॉक में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने लक्ष्यों की पूर्ति के साथ-साथ जियो टैगिंग कराने को कहा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आवश्यक संरचना निर्माण, सोख्ता गड्ढा एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीयन, आधार (आपार) अपडेट, पीएम जनमन अंतर्गत आंगनबाड़ी भवन निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए रासायनिक उर्वरकों के उठाव, ग्रामीण अधोसंरचना विकास निधि के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख समितियों में गोदाम निर्माण की प्रगति तथा आंगनबाड़ी भवनों की स्वीकृति, पूर्णता एवं भौतिक प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला स्तरीय कार्यालयों में ई-ऑफिस के सही क्रियान्वयन न होने पर नाराजगी जाहिर की तथा ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा कृषि पंप ऊर्जीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/21 अप्रैल 2026