:: श्रद्धालुओं ने लिया गौ-सेवा का संकल्प, सत्संग भवन से निकाला गया जुलूस :: इंदौर (ईएमएस)। खंडवा रोड स्थित अखंड परमधाम आश्रम में भक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। यहाँ संचालित युगपुरुष स्वामी परमानंद गौशाला के जीर्णोद्धार और नवीन निर्माण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और जय गोपाल-जय गौशाला के गगनभेदी उद्घोष के साथ किया गया। इस पुनीत अवसर पर बड़ी संख्या में गौ-भक्तों ने उपस्थित होकर गौ-पूजन किया और सेवा प्रकल्प में सहभागी बनने का संकल्प लिया। निर्माण कार्य के शुभारंभ से पूर्व सत्संग भवन से एक भव्य जुलूस निकाला गया, जो आश्रम परिसर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ गौशाला पहुँचा। यहाँ साध्वी आदित्य चेतना गिरी के सानिध्य में पूजन-अर्चन की विधियाँ संपन्न हुईं। मंत्रों की गूँज और श्रद्धा के वातावरण में निर्माण समिति के पदाधिकारियों और दानदाताओं ने नींव की ईंट रखी। :: दानदाताओं ने बढ़ाया सहयोग का हाथ :: गौशाला विकास समिति के अध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल ने बताया कि आश्रम स्थित गौशाला के कायाकल्प का संकल्प लिया गया है। इस कार्य में शहर के दानदाता उत्साहपूर्वक आगे आ रहे हैं। पूजन के दौरान ही अनेक भक्तों ने गौशाला के आधुनिक स्वरूप और जीर्णोद्धार हेतु अपनी ओर से सहयोग राशि भेंट करने की घोषणा की। इस अवसर पर निर्माण समिति के संरक्षक किशनलाल पाहवा, कोषाध्यक्ष मांगीलाल कांसट, समाजसेवी हरि अग्रवाल (अखंड धाम), अशोक गोयल, उपाध्यक्ष रुशिभाई, संगठन मंत्री राजेश अग्रवाल, विष्णु कटारिया, विजय शादीजा और श्रीमती गुप्ता सहित कार्यकारिणी के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/21 अप्रैल 2026 संलग्न चित्र : अखंड परम धाम आश्रम गौशाला पर पूजा-अर्चना करतीं साध्वी आदित्य चेतना गिरी।