क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


जोन क्रमांक 3 का प्रशिक्षण 23 अप्रैल 25 अप्रैल तक से नालंदा कॉमर्स कॉलेज में कटनी (ईएमएस)। जनगणना 2027 अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य आगामी एक से 30 मई तक संचालित होगा। इसके पूर्व 15 से 30 अप्रैल तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व गणना की अतिरिक्त सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 25 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में मंगलवार 21 अप्रैल को नालंदा कॉमर्स कॉलेज झिंझरी के चार कक्षों में जोन क्रमांक 2 के वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक के 188 प्रगणक एवं सुपरवाइजर को तृतीय दिवस का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्र में डिजिटल जनगणना, रियल-टाइम ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि एवं संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जनगणना कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा इसे राष्ट्र निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया बताया गया। इस अवसर पर विभागीय विशेषज्ञों द्वारा फील्ड कार्य के दौरान आने वाली संभावित तकनीकी समस्याओं एवं प्रपत्रों के सही तरीके से संधारण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणक एवं सुपरवाइजर सम्मिलित हुए। जोन क्रमांक दो के तृतीय दिवस का प्रशिक्षण सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होने के साथ आगामी जनगणना कार्य हेतु आवश्यक आधार सुदृढ़ हुआ है। राजस्व अधिकारी एवं नगर जनगणना अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक तथा जोनल चार्ज जनगणना अधिकारी श्री असित खरे ने बताया कि प्रशिक्षण चार अलग-अलग कक्षों में आयोजित किया गया, जिससे सभी प्रतिभागियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीतल पेयजल, चाय-नाश्ता एवं दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। तृतीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 23 से प्रारंभ जनगणना 2027 के तहत तृतीय जोन के नगर निगम कटनी सीमान्तर्गत वार्ड क्रमांक 31 से 45 तक के 173 प्रगणकों एवं सुपरवाईजर का तृतीय चरण का प्रशिक्षण 23 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 को प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक नालंदा कॉमर्स कॉलेज झिंझरी में आयोजित किया जायेगा। सभी प्रगणकों एवं सुपरवाईजर को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण में पहुंचने हेतु निर्देशित किया गया है। ईएमएस/मोहने/ 21 अप्रैल 2026