राष्ट्रीय
21-Apr-2026


-निवेशकों ने एनबीडब्ल्यू और लुकआउट सर्कुलर जारी करने की उठाई मांग नई दिल्ली,(ईएमएस)। सुप्रीम कोर्ट में ग्रैंड वेनिस मॉल धोखाधड़ी मामले को लेकर रियल एस्टेट प्रमोटर सतिंदर सिंह भसीन के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। निवेशकों ने अदालत में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि भसीन ने कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद आत्मसमर्पण नहीं किया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भसीन की जमानत रद्द करते हुए 50 करोड़ रुपये की जमानत राशि जब्त करने का आदेश दिया था। अदालत ने उन्हें एक सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के निर्देश दिए थे, जिसकी समयसीमा 9 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद उनके आत्मसमर्पण न करने पर निवेशकों ने इसे जानबूझकर आदेश की अवहेलना बताया है। याचिकाकर्ताओं ने गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी करने, अवमानना कार्यवाही शुरू करने और देश छोड़ने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि भसीन लगातार कानूनी प्रक्रियाओं का सहारा लेकर आदेशों से बचने की कोशिश कर रहे हैं, जो न्यायालय की गरिमा के खिलाफ है। इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति संजय करोल और न्यायमूर्ति एन. कोटिस्वर सिंह की पीठ ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जमानत की शर्तों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यहां बताते चलें कि यह मामला ग्रेटर नोएडा स्थित ‘ग्रैंड वेनेजिया’ प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जहां घर खरीदारों ने धोखाधड़ी, धन के दुरुपयोग और आवंटन में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि भसीन ने दिल्ली और गौतम बुद्ध नगर की अदालतों में लंबित मामलों और एफआईआर की जानकारी छिपाई, जिससे उनकी नीयत पर सवाल उठते हैं। अब निवेशकों की नई याचिकाओं के साथ इस मामले में कानूनी दबाव और बढ़ गया है, जिससे आने वाले दिनों में कोर्ट का रुख और सख्त हो सकता है। हिदायत/ईएमएस 21अप्रैल26