21-Apr-2026
...


सागर (ईएमएस)। जनसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अपनी कुर्सी छोड़कर एक दिव्यांग आवेदक के पास पहुँचकर उनकी समस्या सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और पिछली जनसुनवाईयों में आए आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों की तत्काल स्क्रूटनी की जाए और आवेदकों को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि किन आवेदनों का निराकरण आज ही संभव है। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन आवेदनों का निराकरण तत्काल नहीं हो सकता, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आगामी शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।कलेक्टर श्रीमती पाल ने पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगली जनसुनवाई में विभागीय अधिकारी अपनी पिछली चार जनसुनवाईयों के आवेदनों पर की गई कार्यवाही और निराकरण की प्रगति का पूरा रिकॉर्ड साथ लेकर उपस्थित हों। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनसुनवाई में आने वाले हर पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय और सहायता मिल सके। निखिल सोधिया /ईएमएस/21/04/2026