राज्य
21-Apr-2026
...


:: पुलिस कमिश्नर ने सुनी 68 आवेदकों की व्यथा; धोखाधड़ी और महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शिकायतों का अंबार लगा रहा। इस दौरान आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले सबसे अधिक सामने आए। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को व्यक्तिगत रूप से सुना और संबंधित थाना प्रभारियों व राजपत्रित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान कुल 68 शिकायत आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रमुख रूप से पारिवारिक विवाद, पैसों का लेन-देन, फ्रॉड, प्लॉट और जमीन की धोखाधड़ी, महिला अपराध और पुलिस थानों में सुनवाई न होने जैसी शिकायतें शामिल थीं। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इंदौर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनके हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई में उपस्थित अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर. के. सिंह एवं सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना। कमिश्नर ने कई संवेदनशील मामलों में फोन पर ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए वस्तुस्थिति की जांच कर तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। प्रकाश/21 अप्रैल 2026