:: पुलिस कमिश्नर ने नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह; यातायात मुस्तैदी के लिए महिला आरक्षक भी सम्मानित :: इंदौर (ईएमएस)। कर्तव्यनिष्ठा और अपराधियों पर नकेल कसने वाले मैदानी अमले का उत्साहवर्धन करने के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 23 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कमिश्नर ने कहा कि पुलिसिंग के क्षेत्र में दी गई इस तरह की चुनौतियों का सामना करना और उनका सफलतापूर्वक निराकरण करना ही विभाग की असली ताकत है। सम्मानित होने वालों में राजेंद्र नगर थाने के उनि विकास शर्मा, प्रदीप यादव, महेंद्र सिंह चौहान और उनकी टीम प्रमुख रही, जिन्होंने एक जटिल अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी प्रकार, संयोगितागंज थाने के आरक्षक घनश्याम और सैनिक शामूसिंह को वाहन चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर 36 मोटरसाइकिलें जब्त करने पर पुरस्कृत किया गया। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए खजराना, चंदन नगर और क्राइम ब्रांच की टीमों को विशेष रूप से नवाजा गया। खजराना पुलिस ने 100 ग्राम, क्राइम ब्रांच ने 121 ग्राम और चंदन नगर पुलिस ने 58 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा। इसके अलावा, यातायात विभाग के अमृत गोखले और खूबसिंह ने चेकिंग के दौरान अवैध शराब से भरा ट्रक पकड़कर पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। शहर के व्यस्ततम चौराहों पर मुस्तैदी से यातायात संभालने वाली महिला आरक्षक नेहा (रेडिसन चौराहा) और बसु चौहान (नृसिंह बाजार) को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान अति. पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि साप्ताहिक पुरस्कार की इस पहल से मैदानी स्तर पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण भाव से कार्य करेंगे। प्रकाश/21 अप्रैल 2026