राज्य
21-Apr-2026


--प्रेस वार्ता करते एडवोकेट अजय कुमार भारद्वाज हाथरस (ईएमएस)। शहर के गौतम विहार कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार भारद्वाज ने बिजली विभाग पर बिना उपभोक्ता की सहमति पोस्टपेड मीटर हटाकर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाने का आरोप लगाया है।प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के नाम से लगे पोस्टपेड मीटरों को बिना अनुमति हटाकर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगा दिए गए, जिससे बार-बार बिजली कटौती और बिलिंग संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने प्रार्थना-पत्र में उल्लेख किया कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47 (5) के तहत उपभोक्ताओं को पोस्टपेड और प्रीपेड दोनों विकल्पों का अधिकार है, और बिना सहमति पोस्टपेड मीटर को प्रीपेड में बदलना नियमों के खिलाफ है। इसके बावजूद विभाग द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।अधिवक्ता ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई बार मकान और दुकान की बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और आर्थिक नुकसान हुआ। साथ ही बिल की समय पर जानकारी न मिलने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है।प्रार्थना-पत्र में राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष के बयान का हवाला देते हुए कहा गया कि बिना सहमति स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मोड में बदलना उपभोक्ता अधिकारों के विरुद्ध है।पीड़ित उपभोक्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जबरन लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटर हटाकर पुनः पोस्टपेड व्यवस्था लागू कराने की मांग की है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 21 अप्रैल 2026