हाथरस (ईएमएस)। एक बुजुर्ग विधवा माँ अपने बेटों को झूठे मुकदमे से बचाने की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर काट रही है। श्रीनगर निवासी नूर निशा ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसके बेटों इसराहिल और साहिल को रंजिशन एक मामले में फंसाया जा रहा है।मामला थाना हाथरस गेट क्षेत्र के कैलाश नगर में 29 मार्च को हुई पथराव की घटना से जुड़ा है। नूर निशा का कहना है कि घटना के समय उसके दोनों बेटे शहर में मौजूद नहीं थे, बल्कि पड़ोसी सनी की बारात में शामिल होने अलीगढ़ के निवरी लॉज गए हुए थे।पीड़िता ने प्रशासन के सामने कई साक्ष्यों का हवाला दिया है। उनका कहना है कि बारात की बस का हनुमान चौकी के पास एक्सीडेंट हुआ था, जिसकी जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में मिल सकती है। साथ ही लॉज के सीसीटीवी फुटेज और शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग से भी सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कराने की भी मांग की है।नूर निशा ने बताया कि ईद के समय हुए पुराने विवाद की रंजिश के चलते विरोधियों ने उसके बेटों के नाम इस मामले में डलवा दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह बेहद गरीब हैं और उनके बेटे ही सहारा हैं। यदि उन्हें जेल भेज दिया गया तो उनका घर उजड़ जाएगा।पीड़ित माँ ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक उनके बेटों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 21 अप्रैल 2026