राज्य
21-Apr-2026
...


:: पुलिस कमिश्नर ने किया नई व्यवस्था का शुभारंभ; 6 हजार चालकों का पंजीयन पूर्ण, मनमानी पर लगेगी लगाम :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को कलर कोडिंग के रूप में एक बड़े सुधार का श्रीगणेश किया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में पलासिया स्थित कार्यालय पर ई-रिक्शा संचालन की सेक्टर व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस नवाचार के लागू होने के बाद अब ई-रिक्शा चालक पूरे शहर में कहीं भी वाहन नहीं दौड़ा पाएंगे, बल्कि उन्हें आवंटित जोन और उसके निर्धारित रंग कोड की सीमा में ही रहकर संचालन करना होगा। :: रंगों से तय होगी सीमा, चार सेक्टरों में विभाजन :: यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए पूरे शहर को चार प्रमुख सेक्टरों (यातायात जोन) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन के लिए एक विशिष्ट रंग निर्धारित किया गया है, जिससे अवैध रूप से दूसरे क्षेत्र में प्रवेश करने वाले रिक्शाओं की पहचान दूर से ही हो सकेगी: जोन 1 : नीला (ब्लू) जोन 2 : पीला (येलो) जोन 3 : लाल (रेड) जोन 4 : सफेद (व्हाइट) पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल चालकों की मनमानी पर रोक लगेगी, बल्कि सड़कों पर वाहनों का दबाव भी समान रूप से वितरित हो सकेगा। :: 6000 पंजीयन पूरे, पहले आओ-पहले पाओ पर आवंटन :: पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अब तक 6,000 से अधिक ई-रिक्शा चालकों का सेक्टर रजिस्ट्रेशन संपन्न किया जा चुका है। आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है और इसे पहले आओ, पहले पाओ की नीति पर संचालित किया जा रहा है। व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए यह भी तय किया गया है कि यदि किसी मालिक के पास एक से अधिक रिक्शा हैं, तो उन्हें अलग-अलग जोन आवंटित किए जाएंगे, ताकि किसी एक विशेष क्षेत्र में वाहनों का जमावड़ा न बढ़े। :: सुरक्षा और सुगमता का समावेश :: शुभारंभ अवसर पर अति. पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह, डीसीपी (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी और बैटरी ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष राजेश बिडकर उपस्थित थे। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य संचालन को पारदर्शी और नियंत्रित बनाना है, जिससे जाम की स्थिति से मुक्ति मिलेगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। पुलिस ने सभी चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें। प्रकाश/21 अप्रैल 2026