मुंबई, (ईएमएस)। मंगलवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन पर दो लोकल ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गईं। हालांकि मोटरमैन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। इस मामले में रेलवे प्रशासन ने संबंधित स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया है। यह घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। बदलापुर से आने वाली फास्ट लोकल को निर्धारित प्लेटफॉर्म नंबर 4 की बजाय अचानक प्लेटफॉर्म नंबर 5 की ओर मोड़ दिया गया। लेकिन उस प्लेटफॉर्म पर पहले से ही एक लोकल ट्रेन खड़ी थी। सामने ट्रेन देखकर मोटरमैन ने तुरंत ब्रेक लगाया, जिससे दोनों ट्रेनों के बीच लगभग 120 मीटर की दूरी रह गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया। शुरुआती जांच में सिग्नल या ट्रैक प्रबंधन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बदलापुर से आई लोकल को पीछे लिया गया, जबकि प्लेटफॉर्म पर खड़ी दूसरी ट्रेन को दूसरे ट्रैक से रवाना किया गया। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक कुछ समय के लिए बंद कर दिए गए, जिससे दोपहर 3.18 बजे से लोकल सेवाएं प्रभावित रहीं। - एक दिन में तीसरी गड़बड़ी गौरतलब है कि मंगलवार को ही मध्य रेलवे व्यवस्था में यह तीसरी बड़ी गड़बड़ी थी। इससे पहले खर्डी और डोंबिवली में भी ब्लॉक और देरी के कारण लोकल सेवाएं प्रभावित हुई थीं। लगातार गड़बड़ियों के कारण लोकल ट्रेन सेवा पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे यात्रियों को भारी भीड़ और देरी का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन के खिलाफ यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस