खेल
21-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 243 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा कर दिया। इस विशाल स्कोर की नींव युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की विस्फोटक और नाबाद 135 रनों की पारी ने रखी, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया। टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय शुरुआत से ही उन पर भारी पड़ता नजर आया। हैदराबाद के ओपनर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए तेज शुरुआत दी। पावरप्ले के छह ओवरों में ही टीम ने बिना विकेट खोए 67 रन जोड़ दिए, जिससे दिल्ली के गेंदबाज दबाव में आ गए। अभिषेक शर्मा ने इस दौरान तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला, लेकिन नौवें ओवर में अक्षर पटेल ने ट्रेविस हेड (37 रन) को आउट कर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई। हालांकि, इसके बाद भी अभिषेक का आक्रमण जारी रहा। अभिषेक ने केवल 47 गेंदों में अपना शतक पूरा कर दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनकी पारी में आक्रामकता और नियंत्रण का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिला। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। अंत तक नाबाद रहते हुए उन्होंने 68 गेंदों में 135 रन ठोके, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। अभिषेक की इस यादगार पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।