राज्य
21-Apr-2026
...


:: पुलिस कमिश्नर ने अंजलि जैन और राजेंद्र अग्रवाल को सराहा; शहर में 3400 लोग बने ट्रैफिक प्रहरी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को ट्रैफिक में भी नंबर-1 बनाने के लिए सड़कों पर पुलिस का साथ दे रहे जागरूक नागरिकों का मंगलवार को सम्मान किया गया। पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ट्रैफिक प्रहरी अभियान के तहत अच्छा काम करने वाली आईएमई इंस्टीट्यूट की अंजलि जैन और उनके 20 छात्र-छात्राओं, राजेंद्र अग्रवाल व हितेश गोयल को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कमिश्नर ने इन नागरिकों की तारीफ करते हुए कहा कि चिलचिलाती धूप और शोर के बीच ये लोग समाज के लिए असली रोल मॉडल हैं। इन प्रहरियों ने न केवल ट्रैफिक संभालने में मदद की, बल्कि लोगों को नियमों का पालन करना भी सिखाया। पुलिस ने बताया कि अब तक शहर के 3400 जागरूक नागरिक इस मुहिम से जुड़ चुके हैं। इस अभियान की सबसे अच्छी बात यह है कि कोई भी नागरिक पुलिस का क्यूआर कोड स्कैन कर इससे जुड़ सकता है। इसमें समय और चौराहे का चुनाव अपनी पसंद से किया जा सकता है। कमिश्नर ने अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मुहिम का हिस्सा बनें, ताकि ट्रैफिक संभालना केवल पुलिस की नहीं बल्कि हम सबकी जिम्मेदारी बन सके। जब आम लोग सड़क पर उतरकर दूसरों को समझाते हैं, तो उसका असर ज्यादा होता है। इस मौके पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। प्रकाश/21 अप्रैल 2026