:: पलासिया पर पुलिस का 28वां हेलमेट जागरूकता अभियान; अब तक 4070 लोगों को बांटे सुरक्षा कवच :: इंदौर (ईएमएस)। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदारी भी है। इसे सच कर दिखाया फूड डिलीवरी का काम करने वाले एक दिव्यांग दंपति ने। मंगलवार को पलासिया चौराहे पर जब यह दंपति ई-ट्राइसिकल पर हेलमेट पहनकर निकला, तो पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उन्हें रोककर सम्मानित किया। कमिश्नर ने कहा कि जब शारीरिक चुनौतियों के बावजूद यह दंपति सुरक्षा के प्रति इतना सजग है, तो सामान्य वाहन चालकों को इनसे सीख लेनी चाहिए। :: चालान काटा, फिर भेंट किया हेलमेट :: पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित 28वें हेलमेट पहनें-सुरक्षित रहें अभियान के दौरान अनूठा नजारा दिखा। कमिश्नर ने उन वाहन चालकों को हेलमेट भेंट किए जिनके पास गाड़ी के दस्तावेज पूरे थे। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पहले चालानी कार्यवाही की गई और फिर उन्हें जीवन का महत्व समझाते हुए हेलमेट दिया गया। इस दौरान बुजुर्गों और जरूरतमंद युवाओं को भी सुरक्षा कवच प्रदान किए गए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और डीसीपी (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 4070 से अधिक हेलमेट बांटे जा चुके हैं। पुलिस का लक्ष्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के जरिए हादसों में होने वाली जनहानि को रोकना है। कमिश्नर ने अपील की कि हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनों की खुशी और स्वयं की सुरक्षा के लिए पहनें। दिव्यांग दंपति को शील्ड और सर्टिफिकेट देते समय वहां मौजूद नागरिकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रकाश/21 अप्रैल 2026