राज्य
21-Apr-2026


कोयलांचल के उमरेठ थाना क्षेत्र के डोलन खापा में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब ३ बजे हुए भीषण सडक़ हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाईयों सहित एक अन्य युवक शामिल है। मामले में उमरेठ पुलिस ने बताया कि गाजनडोह निवासी रंजीत पिता रामदयाल उइके (२४), रवि पिता नारायण उइके (२२) और उसका भाई अमित पिता नारायण उइके (२०) दोनों निवासी आमाझिरी छिंदवाड़ा में बोरिंग का काम करते थे। रोज की तरह तीनों एक बाइक पर सवार होकर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे डोलन खापा पहुंचे तो सडक़ पर अंधेरे में एक माल वाहक ट्रक खड़ा था। बाइक की रफ्तार अधिक और अंधेरा होने से उन्हें ट्रक नजर नहीं आया और वे बाइक समेत खड़े ट्रक में जा घुसे। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही बाइक सवार दो सगे भाईयों जिनमें रवि पिता नारायण उइके और छोटे भाई अमित पिता नारायण उइके तथा रंजीत पिता रामदयाल उइके गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही उमरेठ पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों को पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। डीजल खत्म, सडक़ पर खड़ा था ट्रक टीआई विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि परासिया से कोयला भरकर उमरेठ की तरफ आ रहा ट्रक का डीजल डोलन खापा में खत्म हो जाने से चालक ने ट्रक को सडक़ पर ही खड़ा कर दिया। अंधेरा होने से बाइक सवारों को ट्रक नजर नहीं आया और वे उससे टकरा गए। उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर ट्रक जब्त कर लिया है। रफ्तार बन रही हादसों की वजह जिले में बेलगाम रफ्तार हादसों का मुख्य कारण बन रही है, जिससे सडक़ हादसों में मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण रोजाना लोग जान गंवा रहे हैं या गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं, विशेषकर नेशनल हाईवे और बायपास पर यह समस्या भयावह रूप ले चुकी है। पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी दो पहिया और चौपहिया वाहन चालक रफ्तार पर लगाम नहीं लगा पा रहे है। ईएमएस/मोहने/ 21 अप्रैल 2026