छिंदवाड़ा (ईएमएस)। । कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नं. १४ लागबाग में रविवार की रात हुई लाखों रूपए की चोरी का पुलिस अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। घटना के ४८ घंटे के बाद भी पुलिस केवल सीसीटीवी फुटेज ही खंगाल रही है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ आरोपियों तक नहीं पहुंच पाए हैं। शहर में हो रहीं लगातार चोरी की वारदातों से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि यहां रहने वाले आपूर्ति विभाग का रिटायर्ड कर्मी किशोर तंतुवाय पैरालेसिस से ग्रसित हैं। रविवार को उनकी पत्नी विमला तंतुवाय शादी समारोह में शामिल होने उन्हें घर पर छोड़ कर रामबाग गईं हुईं थीं। इसी दौरान रात करीब १० बजे दो अज्ञात बदमाश उनके घर पर घुसे और एक ने भीतर पलंग पर लेटे उनके पति किशोर तंतुवाय को बंधक बना लिया था और दूसरे साथी ने उनके घर की आलमारी का ताला खोलकर भीतर रखे लाखों रूपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग निकले थे। घटना की खास बात यह है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश घर में घुसते हैं और कुछ देर बाद सामान लेकर बाहर निकलते हैं। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। कोतवाली टीआई आशीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लालबाग की इस चोरी का खुलासा किया जाएगा। ईएमएस/मोहने/ 21 अप्रैल 2026