टिहरी (ईएमएस)। टिहरी जिले के कोडियाला के पास वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय पहंुचाया। यहां सुबह समय प्रातः लगभग 08रू05 बजे चैकी व्यासी से एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि कौडियाला क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें कुछ व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है। सूचना पर एसडीआरएफ टीम त्वरित कार्यवाही करते हुए रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। इस दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर पाया गया कि सरिया से लदा एक भारी ट्रक खड़ा था, जिससे एक कार टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें पांच महिलाएं एवं तीन पुरुष शामिल थे। दुर्घटना में एक महिला, धूमा देवी (पत्नी स्व. दिलवर सिंह), आयु लगभग 55 वर्ष, की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। टीम के सदस्यों ने बताया कि महिला का शव वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे एसडीआरएफ टीम द्वारा कटर की सहायता से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला तथा शव को अग्रिम कार्रवाई हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द किया गया। अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/21 अप्रैल 2026