राज्य
21-Apr-2026
...


:: प्रेस्टीज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन सितारों का जमावड़ा; संघर्ष की कहानी साझा कर युवाओं को सिखाए सफलता के मंत्र :: इंदौर (ईएमएस)। प्रेस्टीज इंदौर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन पलासिया स्थित परिसर में सिनेमाई चकाचौंध और प्रेरणादायी संवाद का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रवि किशन को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पीआईएमआर डीम्ड यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. डेविश जैन ने ‘लीगेसी ऑफ सिनेमा एक्सीलेंस अवार्ड’ से नवाजा। छात्रों से खचाखच भरे हॉल में रवि किशन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में जीवन के संघर्षों की परतें खोलीं। उन्होंने भावुक होकर कहा, “मेरा कोई गॉडफादर नहीं था, मैंने केवल अपने सपनों का पीछा किया और आज जो कुछ भी हूं, महादेव की कृपा से हूं।” उन्होंने युवाओं को मंत्र दिया कि वे केवल डिग्री और नौकरी के पीछे न भागें, बल्कि अपने हुनर (स्किल्स) को निखारें और स्टार्टअप के जरिए आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को सोशल मीडिया के नकारात्मक जाल से बचने और आपसी संवाद बढ़ाने की सलाह दी। :: इन्हें भी मिला सम्मान :: समारोह में फिल्म अभिनेत्री अलका अमीन को ‘वर्सेटाइल करेक्टर आइकन’, फिल्म मेकर बरनाली रे शुक्ला को ‘क्रिएटिव विजनरी’ और मनीष सिंघल को ‘एक्सीलेंस इन फिल्म लीडरशिप अवार्ड’ प्रदान किया गया। साथ ही संस्थान के प्रतिभावान एलुमनी ओशिन जैन, डॉ. अखिल पांडेय और गायक चिंतन बाकलीवाल का भी सम्मान हुआ। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. एन. एन. जैन के योगदान को याद करते हुए रवि किशन ने कहा कि उनके द्वारा लगाया गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है। कार्यक्रम में प्रेस्टीज एजुकेशन फाउंडेशन के डायरेक्टर हिमांशु जैन, वाइस चांसलर डॉ. एस. एस. भाकर, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. अनिल बाजपेई, कर्नल डॉ. एस. रमन अय्यर, डॉ. संजीव पाटनी और फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. जुबेर खान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी व शिक्षक उपस्थित रहे। प्रकाश/21 अप्रैल 2026