मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड कपल काजोल और अजय देवगन की बेटी नीसा के जन्मदिन पर दोनों ने ही जमकर प्यार बरसाया। दोनों सितारों ने अपनी प्यारी बिटिया को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। अभिनेता ने अपनी बेटी की बचपन की प्यारी सी तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में नीसा किसी बर्थडे पार्टी में दिख रही हैं और उनके चेहरे पर एक बहुत ही प्यारी और मासूम मुस्कान है। वहीं, दूसरी फोटो में वह अपनी मां काजोल के साथ नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों को देखकर यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि नीसा के चेहरे के फीचर्स अपनी मां काजोल जैसे ही हैं, वह अपनी मां की कार्बन कॉपी लगती हैं। अजय देवगन ने इन प्यारी तस्वीरों के साथ एक बेहद भावनात्मक कैप्शन भी लिखा है। उन्होंने लिखा, तुम्हारी ये मुस्कान मुझे हमेशा याद रहती है। जब भी मैं तुम्हें देखता हूं, तो तुम्हारा वही मासूम रूप हमेशा मेरे दिलों में बसा रहता है। तुम हमेशा इसी खुशी से मुस्कुराती रहो। जन्मदिन मुबारक हो मेरी प्यारी बच्ची। अजय के इस संदेश में एक पिता का अपनी बेटी के प्रति गहरा प्यार और दुलार साफ झलक रहा है। अभिनेत्री काजोल ने भी अपनी बेटी नीसा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और दुर्गा पंडाल की कुछ खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में काजोल ने नीसा को अपनी बांहों में ले रखा है और उन पर प्यार लुटाती दिख रही हैं, जो मां-बेटी के खूबसूरत रिश्ते को दर्शाता है। काजोल ने इन तस्वीरों के साथ एक मार्मिक कैप्शन लिखा, मैं बहुत भाग्यशाली हूं क्योंकि उसके जन्म से मेरी दुनिया पूरी तरह बदल गई। मैं हर दिन भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं, मेरी प्यारी बच्ची, तुम परिपूर्ण हो और हमेशा मेरी रहोगी। तुम्हें और मुझे जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस पोस्ट में काजोल ने नीसा के साथ-साथ खुद को भी जन्मदिन की बधाई दी है, क्योंकि ऐसा माना जाता है कि बच्चे के जन्म के साथ मां का भी एक नया जन्म होता है। बता दें कि नीसा देवगन सोशल मीडिया की एक बेहद चर्चित स्टारकिड हैं और अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। हालांकि, अतीत में नीसा को उनके लुक और रंग को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था, जिसे लेकर काजोल ने एक इंटरव्यू में अपना दुख भी जाहिर किया था। अभिनेत्री ने उस दौरान साफ किया था कि वह नीसा को ट्रोलिंग को नजरअंदाज करने की सलाह देती हैं, लेकिन जो कुछ नीसा के बारे में सोशल मीडिया पर कहा जाता है, वह एक मां के तौर पर उनके लिए दुख देने वाला होता है। सुदामाईएमएस 22 अप्रैल 2026