क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के कोटरीछापर गांव में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। यहां एक 3 साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की। इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने घर के आंगन के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर आया और उस पर झपट्टा मार दिया। तेंदुआ बच्ची को उठाकर ले जाने ही वाला था कि उसकी मां ने जोर-जोर से शोर मचाया। मां की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और साहस दिखाते हुए बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया। हमले में बच्ची के गर्दन और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। बताया जा रहा है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी इलाके में एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था। लगातार हो रहे हमलों से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 22 अप्रैल 2026