- सचिन के दौरे और सुरक्षा पर भी बयानबाजी तेज रायपुर (ईएमएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस का आतंकवादियों से नजदीकी संबंध रहा है और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक पर तंज कसते हुए विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी “जीभ और दिमाग नियंत्रण में नहीं है” और उन्हें संन्यास लेने की सलाह दे डाली। वहीं बस्तर में भारत रत्न सचिन तेंदुलकर के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी राजनीति तेज हो गई है। चंद्राकर ने उनके दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को सकारात्मक संदेश मिलेगा। हालांकि दौरे के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अब गीदम के जांवगा, पनेड़ा के साथ छिंदनार जाने की जानकारी सामने आई है। इस बीच कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सचिन तेंदुलकर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार नक्सलवाद खत्म करने का दावा कर रही है, वह देश के दिग्गज क्रिकेटर को सुरक्षा देने में भी सक्षम नहीं दिख रही। इस आरोप पर जवाब देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है और ऐसे बयानों से छत्तीसगढ़ की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार राज्य की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। इधर, छत्तीसगढ़ विधानसभा के संभावित विशेष सत्र को लेकर भी बयानबाजी जारी है। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा उठाए गए सवालों पर चंद्राकर ने कहा कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सत्र के उद्देश्य स्पष्ट हो जाएंगे और कांग्रेस को विधायी प्रक्रिया की समझ नहीं है। बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं को मिली जिम्मेदारियों पर चंद्राकर ने कहा कि यह देश के लिए महत्वपूर्ण चुनाव है और पार्टी के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए जिसे भी जिम्मेदारी मिले, उसे निभाना चाहिए। महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी चंद्राकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस विषय पर खुली चर्चा होनी चाहिए और भाजपा अपने मुद्दों को जनता के बीच ले जा रही है। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 22 अप्रैल 2026