राज्य
22-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण-पश्चिमी जिले के वसंत कुंज इलाके में जालसाजों ने अमेरिका भेजने के नाम पर परिवार को झांसा दिया और 26 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने पीड़ित परिवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम के जरिये झांसे में लिया और फर्जी वीजा भेजकर उनका भरोसा जीत लिया। जब पीड़ित परिवार को ठगी का पता चला तो आरोपितों ने झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पीड़ित सुकेश अपने परिवार के साथ जींद, हरियाणा में रहते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि उनका बेटा पंकज कुमार अमेरिका जाना चाहता था। इसी सिलसिले में उनके परिचितों के माध्यम से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर नवदीप कौर नामक महिला से संपर्क हुआ। नवदीप ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए अपने सहयोगियों राहुल जैन और रणजीत सिंह से मिलवाया। आरोप है कि तीनों ने पीड़ित परिवार को भरोसे में लेने के लिए वसंत कुंज स्थित एक माल में मुलाकात की और अमेरिका भेजने के लिए कुल 26 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। पहले दो लाख रुपये नकद लिए गए, इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 17.5 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और आनलाइन माध्यम से ट्रांसफर किए गए। बाद में टिकट के नाम पर 6.5 लाख रुपये और ले लिए गए। पीड़ितों का आरोप है कि जालसाजों ने वाट्सएप पर फर्जी वीजा भेजकर भरोसा दिलाया, लेकिन जब वीजा की जांच कराई गई तो वह नकली निकला। पैसे वापस मांगने पर आरोपितों ने 12 लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026