नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक और जहां दिल्ली-यूपी और बिहार सहित अन्य राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में अगले तीन दिन यानी कि 25 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में एक या दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा। दोपहर में तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 24 और 25 अप्रैल को बारिश का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को गरज के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 22 तारीख यानी कि आज बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 22-27 तारीख तक बारिश का मौमस बना रहेगा। नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 22 अप्रैल को बारिश की संभावना है। साथ ही अरुणाचल प्रदेश में 25 तारीख को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026