राष्ट्रीय
22-Apr-2026


कहा, किसी भी रूप में आतंक अस्वीकार, इस लड़ाई में हम भारत के साथ नई दिल्ली,(ईएमएस)। पहलगाम आतंकी हमले को एक साल हो गया है। पहली बरसी पर भारत में अर्जेंटीना के राजदूत, मारियानो कॉसिनो और ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता दिखाई। ठीक एक साल पहले के इस आतंकी हमले में पाकिस्तान-समर्थित आतंकियों ने 26 बेगुनाह पर्यटकों को चुन-चुन कर गोली मार दी थी। दुनिया ने इस घिनौनी करतूत की निंदा की थी और पहली बरसी पर भी कई देशों के प्रतिनिधि अपना दुख साझा कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने एक्स पर कहा कि भारत के खिलाफ पहलगाम आतंकी हमले की दुखद घटना को एक साल हो गया है। अर्जेंटीना सरकार और वहां की जनता की ओर से हम पिछले साल इसी दिन मारे गए उन बेगुनाह लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं। उन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता। हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं- हम भारत के साथ हैं और हर तरह के आतंक की निंदा करते हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने आतंकी हमले के शिकार बेगुनाहों को याद कर कहा कि हम एक साल बाद, अपने भारतीय मित्रों के साथ भयानक पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए बेगुनाहों को याद करते हैं। हम पीड़ित परिवारों का दर्द समझते हैं। ऑस्ट्रेलिया हर तरह के आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है। मारे गए लोगों में एक स्थानीय पोनी वाला आदिल भी शामिल था, जिसने पर्यटकों को बचाने की कोशिश की लेकिन आतंकियों ने उसे भी गोलियां से भून दिया। हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 7 और 8 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। इस दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर एक संतुलित और बिना उकसावे वाली स्ट्राइक की गई। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की मिलिट्री और स्ट्रेटेजिक क्षमता का एक बड़ा प्रदर्शन था, जिसमें मिलिट्री और नॉन-मिलिट्री दोनों तरह के उपाय शामिल थे। इस ऑपरेशन ने आतंकवादी खतरों को सफलतापूर्वक खत्म कर दिया गया। आगे के हमले को रोका, और स्ट्रेटेजिक संयम बनाए रखते हुए आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी को और पैनी धार दी। सिराज/ईएमएस 22अप्रैल26 --------------------------------