राज्य
22-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। गर्मी का पारा चढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार से लू चलने का अनुमान जताया है। चिकित्सक इस स्थिति में दिल्ली वालों को घरों में रहने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन काम के चलते दिल्ली के लाखों गिग वर्करों व श्रमिकों को इस कड़ी धूप व लू में भी सड़कों पर काम करना पड़ेगा। उन्हें इस गर्मियों के खतरनाक मौसम में भी दिल्ली सरकार द्वारा घोषित विश्राम केंद्र मिलने की उम्मीद नहींहै। क्योंकि, यह योजना अभी भी फाइलों में अटकी है। बजट में की गई घोषणा के बाद धरातल पर काम न होने से श्रमिकों की मुश्किलें और चिंता बढ़ती जा रही हैं, क्योंकि आने वाले दिनों में लू का प्रकोप और अधिक बढ़ेगा। दिल्ली में गिग वर्करों की संख्या लाखों में है। गिग एंड प्लेटफार्म सर्विस वर्कर्स यूनियन (जीआइपीएसडब्ल्यूयू) के अनुसार दिल्ली में गिग वर्करों की संख्या करीब 12 लाख है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली भर में स्थित अटल कैंटीन के साथ विश्राम केंद्र और जन सुविधा केंद्र बनाने की घोषणा की है। अब तक कुल 70 से अधिक अटल कैंटीन शुरू हो चुके हैं, लेकिन विश्राम केंद्रों के नाम पर इक्का- दुक्का स्थानों को छोड़कर कहीं कोई निर्माण कार्य या तैयारी नजर नहीं आ रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026