नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकनायक अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग में वर्षों से केवल एक आपरेशन थिएटर (ओटी) से काम चल रहा है, जिसके चलते सर्जरी के मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है। अब इन मरीजों को प्रतीक्षा के समाप्त होने की आस बंधी है। ऐसा आर्थोपेडिक विभाग का नवीनीकरण शुरू होने से हुआ है, इसके तहत 10 नए आपरेशन थियेटर बनेंगे, जिससे आर्थो सर्जरी के मरीजों की लंबी प्रतीक्षा समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा परियोजना के तहत आधुनिक कैडेवरिक लैब भी बनाई जाएगी, जहां मेडिकल छात्र और चिकित्सक उन्नत सर्जिकल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण ले सकेंगे। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार अभी अस्पताल की आर्थो ओपीडी में प्रतिदिन करीब 600 तक मरीज पहुंचते हैं, ट्रामा और इमरजेंसी मामले इससे अलग होते हैं, जो इस संख्या को बढ़ा देता है। इस कारण सर्जरी की मांग और बढ़ जाती है। अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश के अनुसार वर्तमान में आर्थो में एकमात्र ओटी में प्रतिदिन अधिकतम दस के करीब सर्जरी ही हो पाती हैं। इस कारण कई मरीजों को 25 से 30 दिन कभी-कभी इससे भी अधिक सर्जरी के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ती है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026